सड़क के तकनीकी एवं निर्माण कार्य का देखरेख सासंद प्रतिनिधि रितेश रंजन देखेंगे
आजादी के 79 साल के बाद भी एक अदद सड़क के लिए संघर्ष कर रहे है सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा के लोग
कोशी बिहार टुडे। सहरसा
सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा के झाड़ा पंचायत में सड़क की मांग की समस्या को सुनते सासंद राजेश वर्मासिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के महिषी प्रखंड अंतर्गत झाड़ा एवं ऐना पंचायत को जोड़ने वाली बहोरबा–बेलडाबर 12 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। सांसद ने बताया कि इस अति महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण 52 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा, जिसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस सड़क के नहीं बनने से झाड़ा एवं ऐना पंचायत के हजारों लोगों को वर्षों से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। बीते लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण नहीं होने पर वोट बहिष्कार की चेतावनी भी दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग तीन-चार वर्ष पूर्व सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ था, लेकिन आधा-अधूरा कार्य कर संवेदक गायब हो गया, जिसके बाद से समस्या जस की तस बनी हुई थी।
तीन महीने में शुरू होगा निर्माण कार्य
महिषी प्रखंड के चर्चित बेलडाबर-बहुरबा पथ, जिनके लिए एक दशक से संघर्ष कर रहे है ग्रामीण
मंगलवार को सांसद राजेश वर्मा अपने प्रतिनिधि रितेश रंजन के साथ झाड़ा पंचायत पहुंचे। पंचायत भवन में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुषों ने सड़क निर्माण की मांग रखी। मौके पर सांसद ने बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी को क्षेत्र की कठिनाइयों से अवगत कराते हुए सड़क निर्माण का अनुरोध किया, जिस पर मंत्री ने शीघ्र निर्माण का भरोसा दिया। सांसद ने ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता से भी सड़क की प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। बताया गया कि अगले तीन महीनों में निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
विधायक संजय कुमार सिंह भी इस सड़क के निर्माण को लेकर लगातार प्रयासरत रहे हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान झाड़ा पंचायत के ग्रामीणों ने सड़क नहीं तो वोट नहीं का नारा देते हुए मतदान का बहिष्कार किया था। बाद में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था। चुनाव जीतने के बाद विधायक स्वयं झाड़ा पहुंचे और जिलाधिकारी को समस्या से अवगत कराया था।
पुल व नई सड़क की भी उठी मांग
झाड़ा एवं ऐना पंचायत पश्चिमी कोसी तटबंध के समीप स्थित हैं। दरभंगा जिले के कुशेश्वर स्थान की दूरी यहां से कम होने के कारण ग्रामीणों ने झाड़ा घाट पर पुल निर्माण एवं झाड़ा से कुशेश्वर स्थान तक सड़क निर्माण की भी मांग सांसद के समक्ष रखी। सांसद ने इन मांगों पर हरसंभव पहल का आश्वासन दिया।
सांसद प्रतिनिधि को सौंपा गया दायित्व
सांसद ने बहोरबा–बेलडाबर सड़क की स्वीकृति सहित अन्य तकनीकी एवं कार्यालयीन कार्यों की निगरानी का निर्देश सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन को दिया। प्रतिनिधि ने बताया कि बाढ़ के समय झाड़ा पंचायत पूरी तरह जलमग्न हो जाती है और सड़क नहीं होने से लोग घरों में कैद होकर रह जाते हैं।
एसएच-95 व डेंगराही घाट पुल का निरीक्षण
मंगलवार को सांसद ने निर्माणाधीन एसएच-95 एवं 412 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे डेंगराही घाट पुल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साम्हरखुर्द पंचायत के मुखिया दारा सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसएच-95 से साम्हरखुर्द को जोड़ने की मांग रखी। डेंगराही घाट पर ग्रामीणों ने पुल की गुणवत्ता और नक्शे पर आपत्ति जताई, जिस पर सांसद ने पटना में अभियंताओं की टीम से इस विषय पर चर्चा करने का आश्वासन दिया।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें