बुधवार, 21 जनवरी 2026

दिशा की बैठक में बीजेपी नेता रितेश रंजन ने उठाए ज्वलंत मुद्दे

 सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने योजनाओं में  अनियमितता का मामला उठाया

 कोशी बिहार टुडे। सहरसा



सहरसा में आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक में सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र से जुड़ी ज्वलंत जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति, लाभुकों को मिल रहे लाभ, खेल मैदान की दुर्दशा तथा पेयजल संकट जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने कहा कि लोहिया पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में पिक एंड यूज के नाम पर लाभुकों से अवैध वसूली की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इससे वास्तविक गरीब और पात्र लाभुक योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए तथा प्रत्येक वार्ड में शिविर लगाकर पात्र लाभुकों को सीधे योजनाओं का लाभ दिया जाना चाहिए। सांसद प्रतिनिधि ने सिमरी बख्तियारपुर स्थित हाई स्कूल मैदान की बदहाल स्थिति पर भी बैठक का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि यह मैदान क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है, लेकिन वर्तमान में यहां सामाजिक एवं अन्य आयोजनों के कारण खेलकूद प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मैदान के चारों ओर चाहरदीवारी निर्माण कर उसे सुरक्षित रखने तथा खेल के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की। बैठक में सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र के कई वार्डों में व्याप्त पेयजल संकट का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया गया। विशेष रूप से वार्ड संख्या 15 के रामजानकी स्थान परिसर सहित आसपास के इलाकों में नल - जल योजना के बावजूद पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों से जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने की मांग की। सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने कहा कि दिशा की बैठक का उद्देश्य योजनाओं की समीक्षा के साथ - साथ जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से सभी मामलों पर गंभीरता से विचार करते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग की। बैठक में मौजूद विभागीय अधिकारियों ने उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी उपस्थित रहे। 

बुधवार, 14 जनवरी 2026

बहोरबा–बेलडाबर 12 किमी सड़क का निर्माण एक वर्ष में होगा पूरा, 52 करोड़ की लागत आएगी : सांसद

 सड़क के तकनीकी एवं निर्माण कार्य का देखरेख सासंद प्रतिनिधि रितेश रंजन देखेंगे

आजादी के 79 साल के बाद भी एक अदद सड़क के लिए संघर्ष कर रहे है सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा के लोग

कोशी बिहार टुडे। सहरसा

सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा के झाड़ा पंचायत में सड़क की मांग की समस्या को सुनते सासंद राजेश वर्मा 

सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के महिषी प्रखंड अंतर्गत झाड़ा एवं ऐना पंचायत को जोड़ने वाली बहोरबा–बेलडाबर 12 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। सांसद ने बताया कि इस अति महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण 52 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा, जिसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस सड़क के नहीं बनने से झाड़ा एवं ऐना पंचायत के हजारों लोगों को वर्षों से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। बीते लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण नहीं होने पर वोट बहिष्कार की चेतावनी भी दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग तीन-चार वर्ष पूर्व सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ था, लेकिन आधा-अधूरा कार्य कर संवेदक गायब हो गया, जिसके बाद से समस्या जस की तस बनी हुई थी।

तीन महीने में शुरू होगा निर्माण कार्य


महिषी प्रखंड के चर्चित बेलडाबर-बहुरबा पथ, जिनके लिए एक दशक से संघर्ष कर रहे है ग्रामीण

मंगलवार को सांसद राजेश वर्मा अपने प्रतिनिधि रितेश रंजन के साथ झाड़ा पंचायत पहुंचे। पंचायत भवन में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुषों ने सड़क निर्माण की मांग रखी। मौके पर सांसद ने बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी को क्षेत्र की कठिनाइयों से अवगत कराते हुए सड़क निर्माण का अनुरोध किया, जिस पर मंत्री ने शीघ्र निर्माण का भरोसा दिया। सांसद ने ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता से भी सड़क की प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। बताया गया कि अगले तीन महीनों में निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

विधायक संजय कुमार सिंह भी इस सड़क के निर्माण को लेकर लगातार प्रयासरत रहे हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान झाड़ा पंचायत के ग्रामीणों ने सड़क नहीं तो वोट नहीं का नारा देते हुए मतदान का बहिष्कार किया था। बाद में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था। चुनाव जीतने के बाद विधायक स्वयं झाड़ा पहुंचे और जिलाधिकारी को समस्या से अवगत कराया था।

पुल व नई सड़क की भी उठी मांग

झाड़ा एवं ऐना पंचायत पश्चिमी कोसी तटबंध के समीप स्थित हैं। दरभंगा जिले के कुशेश्वर स्थान की दूरी यहां से कम होने के कारण ग्रामीणों ने झाड़ा घाट पर पुल निर्माण एवं झाड़ा से कुशेश्वर स्थान तक सड़क निर्माण की भी मांग सांसद के समक्ष रखी। सांसद ने इन मांगों पर हरसंभव पहल का आश्वासन दिया।

सांसद प्रतिनिधि को सौंपा गया दायित्व



सांसद ने बहोरबा–बेलडाबर सड़क की स्वीकृति सहित अन्य तकनीकी एवं कार्यालयीन कार्यों की निगरानी का निर्देश सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन को दिया। प्रतिनिधि ने बताया कि बाढ़ के समय झाड़ा पंचायत पूरी तरह जलमग्न हो जाती है और सड़क नहीं होने से लोग घरों में कैद होकर रह जाते हैं।

एसएच-95 व डेंगराही घाट पुल का निरीक्षण

मंगलवार को सांसद ने निर्माणाधीन एसएच-95 एवं 412 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे डेंगराही घाट पुल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साम्हरखुर्द पंचायत के मुखिया दारा सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसएच-95 से साम्हरखुर्द को जोड़ने की मांग रखी। डेंगराही घाट पर ग्रामीणों ने पुल की गुणवत्ता और नक्शे पर आपत्ति जताई, जिस पर सांसद ने पटना में अभियंताओं की टीम से इस विषय पर चर्चा करने का आश्वासन दिया।

दिशा की बैठक में बीजेपी नेता रितेश रंजन ने उठाए ज्वलंत मुद्दे

  सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने योजनाओं में  अनियमितता का मामला उठाया   कोशी बिहार टुडे। सहरसा सहरसा में आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय एवं ...