गुरुवार, 11 अप्रैल 2019

शराब पिलाकर पत्नी ने बहनोई के साथ मिलकर पति कर दिया हत्या


सुपौल सदर थाना के परसौनी गांव में इस घटना से लोग हैरान
कोशी बिहार टुडे, सहरसा



पत्नी व बहनोई के बीच अवैध संबंध एक पति को मंहगा पड़ा। पत्नी ने ननदोसी के साथ मिलकर पति को मौत की नींद सुला दी। घटना सदर थाना क्षेत्र के परसौनी गांव की है। पुलिस ने इस मामले में जहां आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है वहीं बहनोई फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम उपरांत परिजन को सौंप दिया है। बताया गया कि परसौनी गांव निवासी 45 वर्षीय उमेश पंडित उर्फ मुखिया मजदूरी करता था। बुधवार की शाम भी वह मजदूरी कर घर लौटा और अपने बहनोई त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के जागुर गांव निवासी शोभाकांत पंडित व एक अन्य के साथ बिहरा थाना के पुरीख गांव के आदिवासी टोला में शराब पीने चला गया। रात लगभग ग्यारह बजे किसी ने उमेश के टोले के एक व्यक्ति को फोन किया कि वह सहरसा-सुपौल मार्ग स्थित मनहारा पुल के समीप गिरा पड़ा है। उसने इसकी खबर उसकी पत्नी को दी, लेकिन पत्नी इस बात को अनसुना कर दिया। तत्पश्चात वह वार्ड सदस्य के पास गया और एक अन्य व्यक्ति को साथ लेकर उमेश को लाने चल दिया। रात के लगभग एक बजे उमेश को किसी तरह घर लाये तथा उसकी पत्नी को उसका इलाज करवाने को कहा ताकि नशा उतर जाय। उस समय उमेश सही सलामत था। फिर वे लोग उसके घर से वापस आ गए। सुबह पता चला कि उसकी मौत हो गई।
पत्नी का बहनोई के साथ था अवैध संबंध---
उमेश की मौत की खबर जब गांव वालों को लगी तो उसके घर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। लोगों का कहना था कि उसकी हत्या उसके बहनोई शोभाकांत व पत्नी ने मिलकर किया है। लोगों का यह भी आरोप था कि उमेश की पत्नी व बहनोई के बीच अवैध संबंध है। इधर डीएसपी विद्यासागर ने भी कहा कि बहनोई शोभाकांत व उमेश की पत्नी के बीच अनैतिक संबंध था। कहा कि वर्ष 2014 में दोनों को अंतरंग अवस्था में लोगों ने देख लिया था। उसके बाद पंचायत बैठी और पंचायत में शोभाकांत को परसौनी न आने की हिदायत दी गई। इस मामले मे दोनों से बाउंड भी भरवाया गया था। बाउंड पर पचास व्यक्ति का हस्ताक्षर भी है। बावजूद इसके दोनों ने संबंध खत्म नहीं किया। दोनों के बीच उमेश रोड़ा बन रहा था, जिसके चलते उसकी हत्या कर दी गई।

पत्नी के चेहरे पर नहीं थी शिकन---

कहते हैं कि एक विवाहिता के लिए पति ही सबकुछ होता है। अगर उसके पति की मौत हो जाती है तो एक तरह से उसका संसार ही उजड़ जाता है। लेकिन उमेश की पत्नी एक ऐसी महिला है जिसके सामने उसके पति का शव पड़ा था लेकिन उसके चेहरे पर थोड़ा सा भी शिकन नहीं था। वह बेटे को भी झूठ बोलकर घर बुलाई थी। बाप के शव को ले सदर अस्पताल पोस्टमार्टम करवाने आये 15 वर्षीय गौतम ने बताया कि वह स्थानीय डिग्री कालेज के समीप एक दुकान में नौकरी करता है। उसकी मां ने गुरुवार की सुबह फोन कर कहा था कि पापा की तबीयत खराब है घर चले आओ। दुकान मालिक ने उसे पांच सौ रूपये दिए और वह घर चला आया।

भाई ने दर्ज करवाई प्राथमिकी

हत्या की सूचना जब पुलिस को लगी तब डीएसपी विद्यासागर व थानाध्यक्ष राजेश कुमार मंडल घटना स्थल पहुंचे और मामले की बारीकी से तहकीकात की। डीएसपी व थानाध्यक्ष उस आदिवासी टोला भी गये जहां उमेश ने शराब पिया था। इधर मृतक के बड़े भाई गणेश पंडित के आवेदन पर मामला भी दर्ज लिया गया है। दर्ज मामले में उमेश की हत्या उसकी पत्नी व बहनोई द्वारा गला दबा कर कर दिए जाने की बात कही गई है। घटना को ले गांव में तरह-तरह की चर्चा की जा रही है।

1 टिप्पणी:

पूर्व विधायक के प्रयास से हजारों हेक्टर खेत में जमा पानी से किसान को मिलेगी मुक्ति

  कोपरिया स्लुइस गेट का जलकुंभी साफ करने के लिए निजी कोष से दिया गया धन  सिमरी बख्तियारपुर से पानी की बिक्री ही नहीं बल्कि महिषी खंड के लोगो...