शुक्रवार, 31 जुलाई 2026

जनआस्था, युवाओं की तपस्या और जनसहयोग से बनी बाबा मटेश्वर धाम श्रावणी मेले की पहचान

 


बाबा मटेश्वर धाम श्रावणी मेला की 21साल

संघर्ष से शिखर तक: 

आज लाखों कांवरियों की आस्था का केंद्र है बाबा मटेश्वर धाम, लेकिन इसकी शुरुआत कुछ युवाओं के छोटे से संकल्प से हुई थी

बोलता है बिहार, सहरसा



आज बाबा मटेश्वर धाम में श्रावण मास की प्रत्येक सोमवारी पर लाखों डाकबम और कांवरिया श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। पूरे कोसी क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुका यह श्रावणी मेला आज 21वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। लेकिन इस भव्य आयोजन की नींव किसी सरकारी योजना से नहीं, बल्कि गांव के कुछ युवाओं की आस्था, संघर्ष, त्याग और जनसहयोग से रखी गई थी। यह कहानी केवल एक मेले की नहीं, बल्कि संकल्प से सिद्धि तक की प्रेरक गाथा है।

जब जंगलों के बीच था 'बुढ़वा मंठ'



करीब तीन दशक पहले कांठो गांव स्थित यह प्राचीन शिवालय चारों ओर घने जंगलों से घिरा हुआ था। स्थानीय लोग इसे "बुढ़वा मंठ" के नाम से जानते थे। मंदिर तक पहुंचने के लिए कोई समुचित सड़क नहीं थी और यहां आने-जाने का रास्ता भी बेहद कठिन था। ऐसे समय में यहां किसी बड़े धार्मिक आयोजन की कल्पना भी मुश्किल थी।

एक विचार जिसने बदल दिया इतिहास

वर्ष 1997 में जब क्षेत्र के श्रद्धालु सावन में बाबा वैद्यनाथ धाम, देवघर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी कांठो निवासी मुन्ना भगत के मन में एक विचार आया—"जब भगवान शिव स्वयं हमारे गांव में विराजमान हैं, तो देवघर की तर्ज पर यहीं जलाभिषेक की परंपरा क्यों नहीं शुरू हो सकती?"



इस संकल्प को साकार करने के लिए उन्होंने शिवेंद्र पौद्दार, सिकेंद्र साह, विनोद साह सहित कई युवाओं को साथ जोड़ा। इसके बाद 31 अगस्त 1997 (भाद्र मास के द्वितीय रविवार) को पहली बार मुंगेर के राजघाट छर्रापट्टी से गंगाजल भरकर रेलवे की छोटी लाइन के दुर्गम मार्ग से पैदल यात्रा करते हुए बाबा मटेश्वर धाम पहुंचकर जलाभिषेक किया गया। यही ऐतिहासिक यात्रा आगे चलकर श्रावणी मेले की आधारशिला बनी।

आठ वर्षों तक संघर्ष, फिर मिली सफलता



मुन्ना भगत और शिवेंद्र पौद्दार बताते हैं कि 1997 से 2005 तक लगातार प्रयासों के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या दो अंकों से आगे नहीं बढ़ सकी। कई बार निराशा हाथ लगी, लेकिन अभियान नहीं रुका।

इसी दौरान वर्ष 2005 में मंदिर परिसर में घटी एक दैविक घटना के बाद यह महसूस हुआ कि केवल डाकबम यात्रा से व्यापक पहचान संभव नहीं होगी। तब 1 अगस्त 2005 की सावन की दूसरी सोमवारी से कांवर यात्रा की शुरुआत की गई और इसी के साथ बाबा मटेश्वर धाम के श्रावणी मेले का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

दुकानदार नहीं आए तो आयोजकों ने उठाया नुकसान



मेले के शुरुआती वर्षों में दुकानदार और झूला संचालक यहां दुकान लगाने को तैयार नहीं थे। आयोजकों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि यदि नुकसान हुआ तो उसकी भरपाई की जाएगी। पहले वर्ष अपेक्षित भीड़ नहीं पहुंची और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद मुन्ना भगत एवं उनके साथियों ने गांव-गांव से चंदा जुटाकर स्वयं सभी दुकानदारों की क्षतिपूर्ति की। इस विश्वास ने अगले वर्षों में मेले को नई गति दी।

गांव-गांव पहुंचा प्रचार, बढ़ती गई आस्था

दूसरे वर्ष से आयोजन की तैयारी कई महीने पहले शुरू होने लगी। आसपास के गांवों में युवाओं की टीमें बनाई गईं। घर-घर जाकर बाबा मटेश्वर धाम की महिमा और श्रावणी मेले का प्रचार किया गया। इसका असर यह हुआ कि हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती चली गई और डाकबम व कांवरियों का कारवां लगातार विस्तृत होता गया।

एक-एक रुपये के चंदे से चलती थी व्यवस्था

शुरुआती दौर में मंदिर की कोई स्थायी आय नहीं थी। पूरे मेले का संचालन ग्रामीणों से एक-एक रुपये का चंदा जुटाकर किया जाता था। जनसहयोग ही इस आयोजन की सबसे बड़ी ताकत बना।

सड़क बनी तो बदल गई तस्वीर

बढ़ती लोकप्रियता के बीच तत्कालीन विधायक दिनेश चंद्र यादव के प्रयास से बाबा मटेश्वर धाम तक मुख्य सड़क का निर्माण कराया गया। बेहतर सड़क बनने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई और बाबा मटेश्वर धाम पूरे कोसी क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल हो गया।

शंकराचार्य के आगमन से मिली नई पहचान

अप्रैल 2003 में बाबा मटेश्वर धाम में आयोजित संत महासम्मेलन में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती पहुंचे। शिवलिंग के दर्शन के बाद उन्होंने कहा 

"ऐसा अद्भुत शिवलिंग मैंने पहली बार देखा है। इसके दर्शन कर मेरा जीवन धन्य हो गया।"

शंकराचार्य के इस वक्तव्य ने बाबा मटेश्वर धाम की धार्मिक प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

न्यास बोर्ड में पंजीकरण से विकास को मिली रफ्तार

वर्ष 2010 तक मंदिर को शासन-प्रशासन का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया था। बाद में मुन्ना भगत के प्रयास से बाबा मटेश्वर धाम का पंजीकरण बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड, पटना में कराया गया और न्यास समिति का गठन हुआ। इसके बाद मंदिर के विकास, आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में तेजी आई।


आज लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र






आज बाबा मटेश्वर धाम केवल सहरसा जिले का ही नहीं, बल्कि पूरे कोसी क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। श्रावण मास की प्रत्येक सोमवारी पर लाखों श्रद्धालु यहां जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। इतनी बड़ी भीड़ के बीच सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन, अनुमंडल प्रशासन, बाबा मटेश्वर धाम न्यास समिति और डाक कांवरिया संघ के लिए बड़ी जिम्मेदारी होती है।

राजकीय मेले का दर्जा देने की मांग

श्रावणी मेले की 21वीं वर्षगांठ पर संस्थापक सदस्य मुन्ना भगत ने राज्य सरकार से मांग की है कि बाबा मटेश्वर धाम के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व तथा यहां प्रतिवर्ष उमड़ने वाली विशाल श्रद्धालु संख्या को देखते हुए श्रावणी मेले को राजकीय मेले का दर्जा दिया जाए। उनका कहना है कि इससे इस ऐतिहासिक धाम का समुचित विकास होगा, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और कोसी क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।




शुक्रवार, 5 जून 2026

 विश्व पर्यावरण दिवस पर पंचायत सरकार भवन परिसर में हुआ वृक्षारोपण।

कोशी बिहार टुडे, सहरसा



शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सलखुआ प्रखंड के उटेशरा स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में वृक्षारोपण किया गया। पंचायत के मुखिया अनिल यादव उर्फ महंथ के नेतृत्व में मनरेगा पीआरएस निरंजन कुमार, सरपंच सोनेलाल यादव, वार्ड सदस्य लाल बिहारी सिंह सहित अन्य ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुखिया अनिल यादव ने मौजूद लोगों से अपील करते कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को एक एक पौधे जरूर लगाना चाहिए। क्योंकि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं। जदयू प्रखंड अध्यक्ष शिक्षा प्रकोष्ठ लालबिहारी सिंह व मनरेगा पीआरएस निरंजन कुमार ने कहा कि पेड़-पौधे न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। मौके पर सरपंच सोनेलाल यादव, राजस्व कर्मचारी संदीप कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष शिक्षा प्रकोष्ठ लालबिहारी सिंह, वार्ड सदस्य पप्पू कुमार, स्वक्षाग्रही अजय कुमार, चंद्रचूड़ आदि मौजूद रहे।

मंगलवार, 28 अप्रैल 2026

सहरसा में दिल दहला देने वाली घटना: मां ने पांच बच्चों के साथ जहर खाकर दी जान देने की कोशिश

 तीन की हालात में थोड़ी सुधार, दो की हालत अब भी गंभीर, घटना का कारण घरेलू विवाद

कोशी बिहार टुडे, सहरसा



जिले के बनमा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर गांव में रविवार को एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद से आहत एक महिला ने अपने पांच बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनपुर निवासी सोनी देवी का अपनी सास के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से और मानसिक तनाव में आकर उन्होंने अपने पांचों बच्चों—प्रीति, लखन, रचना, सपना और राम कुमार—के साथ जहर खा लिया।



घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को तुरंत सहरसा के एक निजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि बच्चों की उम्र 5 से 14 वर्ष के बीच है।

चिकित्सकों के अनुसार, सोनी देवी और उनकी तीन बेटियों की हालत में सुधार हुआ है और उन्हें होश आ गया है। हालांकि, पांच वर्षीय राम कुमार और सात वर्षीय लखन कुमार की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। दोनों बच्चों को डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पारिवारिक विवाद के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक कलह के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोग बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

बुधवार, 22 अप्रैल 2026

जहां डॉक्टर से ज्यादा “लापरवाही” तैनात हो, वहां इलाज नहीं—सिर्फ इंतजार मिलता है।

 एएनएम नाइटी में, बेड पर चादर गायब, कमरे में बिखरी दवाएं — सांसद की फटकार, कोसी के भीतर स्वास्थ्य व्यवस्था बेपटरी

कोशी बिहार टुडे | सहरसा



प्रखंड क्षेत्र के स्वास्थ्य उप केंद्र कठडुमर में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश वर्मा औचक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान जो तस्वीर सामने आई, उसने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी।

केंद्र पर एएनएम ड्यूटी के दौरान नाइटी में नजर आईं, मरीजों के बेड पर चादर तक नहीं थी, और कमरे में दवाएं बेतरतीब ढंग से बिखरी पड़ी थीं। मौके पर मौजूद सीएचओ अजमल पलसनिया और एएनएम रंभा कुमारी से सांसद ने तीखे सवाल किए और अव्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई।


खुद सासंद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने बेड पर चादर बिछाया

सबसे ज्यादा नाराजगी तब देखने को मिली जब सांसद ने मरीजों के बेड को बिना चादर के पाया। उन्होंने तत्काल चादर मंगवाकर खुद अपने हाथों से बेड पर बिछाई। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की लापरवाही मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ है और सरकार की छवि को भी धूमिल करती है। उन्होंने तुरंत सिविल सर्जन को फोन कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।



स्थानीय लोगों ने भी स्वास्थ्य उप केंद्र की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह समस्या नई नहीं है, लेकिन अब तक किसी अधिकारी ने गंभीरता नहीं दिखाई। सांसद के इस औचक निरीक्षण के बाद लोगों में कार्रवाई की उम्मीद जगी है।

आखिर कब तक कागजों पर चलती रहेगी स्वास्थ्य सेवाएं? कोसी के अंदर बसे लोगों को क्या सिर्फ नाममात्र की सुविधा ही नसीब होगी


शनिवार, 21 फ़रवरी 2026

नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर द्वारा संचालित अधिकांश योजनाओं में बह रही है भ्रष्टाचार की नदियां।

 अधिकारियों की चुप्पी भी कम रहस्यमय नही। मची है नगर में योजनाओं की लूट

कोशी बिहार टुडे। सहरसा



जिले के नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर द्वारा वर्तमान में संचालित निविदा की अधिकांश योजनाओ के क्रियान्वयन में भारी पैमाने पर धांधली करने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। संचालित योजनाओं में भ्रष्टाचार सभी सीमा को तोड़कर दिनानुदिन कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में अग्रसर है। सरकार व विभाग द्वारा जारी नियम कानून की धज्जियां उड़ाते हुए नगर परिषद के बाबू व संबंधित तकनीकी पदाधिकारी संवेदक के गोद में खेल रहे हैं। सबसे चोंकाने वाली बात तो तह है की निविदा वाली योजनाओं में कुछ अपवाद छोड़कर घर बैठे प्राक्कलन तैयार कर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। संचालित योजना स्थल पर न तो कार्यपालक जाते हैं न ही कोई तकनीकी पदाधिकारी। निकाली गई निविदा की कई योजना स्थल पर है ही नही. बावजूद कहीं से कहीं योजना प्रारंभ कर दी गयी है।


                          घटिया ईंट लगाया गया

इस नगर परिषद का कोई माई-बाप नही है। जिस कारण सरकार राशि की जमकर लूट की जा रही है। एक तो घर बैठे प्राक्कलन को तैयार कर कार्य प्रारंभ कर दिया जाता है। किसी योजना के प्रारंभ करने के पूर्व आम जनता को जानकारी के लिए योजना बोर्ड लगाने का प्रावधान है। लेकिन अपवाद को छोड़कर कहीं भी योजना बोर्ड नही लगाकर मनमाने ढंग से कार्य कर लिया जाता है। 

उदाहरण स्वरूप अल्पकालीन निविदा आमंत्रण सूचना संख्या- 02/2025-26 के क्रम संख्या 29 में

वार्ड संख्या 09 अंतर्गत भौरा कल्वर्ट से बिंदेश्वरी पंडित के जमीन तक पीसीसी निर्माण कार्य का प्राक्कलित राशि 24 लाख 83 हजार 700 है। 

इस योजना का आश्चर्य पहलू यह रहा की संवेदक को तो कार्य करने हेतु योजनास्थल ही नही मिला। 

योजनास्थल खोजने के नाम पर गांव की दो सड़क के ईंट को कबाड़ दिया गया। तब अंत में सिंचाई विभाग के नहर पर ही कार्य प्रारंभ कर दिया गया। ग्रामीण अभी भी दावा के साथ कहते हैं की अखबार में प्रकाशित निविदा स्थल है ही नही। बावजूद प्राक्कलन की धज्जियां उड़ाते हुए निर्माण कार्य जारी है। 


                           देखिए ईंट की क्वालिटी

प्राक्कलन के अनुसार लगभग 1000 फीट की लंबाई,10 फीट की चौड़ाई में पीसीसी सड़क निर्माण करना है.इसके पूर्व 2 फीट की ऊंचाई में 200 ट्रैक्टर के टेलर से मिट्टी डालना है। इसके अलावे डिच निर्माण पर 45 टेलर मिट्टी तथा फ्लेंक के लिये 54 टेलर मिट्टी डालने का सरकारी प्रावधान है। इतना ही नही सड़क पर मिट्टी भराई के उपर 6 इंच की मोटाई में लोकल बालू देना है। इसके बाद ईंट सोलिंग कर उसके ऊपर 8 इंच की मोटाई में ढलाई करना है। कुल मिलाकर पूर्व के लेवल से कुल 3 फ़ीट की ऊंचाई में सड़क का निर्माण होना है। वर्तमान स्थिति ऐसी है की विभाग की मिलीभगत से प्राक्कलन को ताक पर रख बमुश्किल से एक फीट की ऊंचाई में कार्य किया जा रहा है। जिसे देखने वाला कोई नही है.निष्कर्ष यही है की भ्रष्टाचार के हमाम में सभी नंगे हैं। जिला भाजपा मंत्री व सिमरी बख्तियारपुर नगर संयोजक मंगल शर्मा ने उक्त योजना की गहराई से जांचकर सरकारी राशि लूटने वाले पदाधिकारी,कर्मचारी व संवेदक के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कारवाई करने की मांग जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी,मुख्यमंत्री आदि से की

 है। 

बुधवार, 21 जनवरी 2026

दिशा की बैठक में बीजेपी नेता रितेश रंजन ने उठाए ज्वलंत मुद्दे

 सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने योजनाओं में  अनियमितता का मामला उठाया

 कोशी बिहार टुडे। सहरसा



सहरसा में आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक में सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र से जुड़ी ज्वलंत जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति, लाभुकों को मिल रहे लाभ, खेल मैदान की दुर्दशा तथा पेयजल संकट जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने कहा कि लोहिया पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में पिक एंड यूज के नाम पर लाभुकों से अवैध वसूली की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इससे वास्तविक गरीब और पात्र लाभुक योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए तथा प्रत्येक वार्ड में शिविर लगाकर पात्र लाभुकों को सीधे योजनाओं का लाभ दिया जाना चाहिए। सांसद प्रतिनिधि ने सिमरी बख्तियारपुर स्थित हाई स्कूल मैदान की बदहाल स्थिति पर भी बैठक का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि यह मैदान क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है, लेकिन वर्तमान में यहां सामाजिक एवं अन्य आयोजनों के कारण खेलकूद प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मैदान के चारों ओर चाहरदीवारी निर्माण कर उसे सुरक्षित रखने तथा खेल के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की। बैठक में सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र के कई वार्डों में व्याप्त पेयजल संकट का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया गया। विशेष रूप से वार्ड संख्या 15 के रामजानकी स्थान परिसर सहित आसपास के इलाकों में नल - जल योजना के बावजूद पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों से जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने की मांग की। सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने कहा कि दिशा की बैठक का उद्देश्य योजनाओं की समीक्षा के साथ - साथ जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से सभी मामलों पर गंभीरता से विचार करते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग की। बैठक में मौजूद विभागीय अधिकारियों ने उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी उपस्थित रहे। 

बुधवार, 14 जनवरी 2026

बहोरबा–बेलडाबर 12 किमी सड़क का निर्माण एक वर्ष में होगा पूरा, 52 करोड़ की लागत आएगी : सांसद

 सड़क के तकनीकी एवं निर्माण कार्य का देखरेख सासंद प्रतिनिधि रितेश रंजन देखेंगे

आजादी के 79 साल के बाद भी एक अदद सड़क के लिए संघर्ष कर रहे है सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा के लोग

कोशी बिहार टुडे। सहरसा

सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा के झाड़ा पंचायत में सड़क की मांग की समस्या को सुनते सासंद राजेश वर्मा 

सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के महिषी प्रखंड अंतर्गत झाड़ा एवं ऐना पंचायत को जोड़ने वाली बहोरबा–बेलडाबर 12 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। सांसद ने बताया कि इस अति महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण 52 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा, जिसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस सड़क के नहीं बनने से झाड़ा एवं ऐना पंचायत के हजारों लोगों को वर्षों से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। बीते लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण नहीं होने पर वोट बहिष्कार की चेतावनी भी दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग तीन-चार वर्ष पूर्व सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ था, लेकिन आधा-अधूरा कार्य कर संवेदक गायब हो गया, जिसके बाद से समस्या जस की तस बनी हुई थी।

तीन महीने में शुरू होगा निर्माण कार्य


महिषी प्रखंड के चर्चित बेलडाबर-बहुरबा पथ, जिनके लिए एक दशक से संघर्ष कर रहे है ग्रामीण

मंगलवार को सांसद राजेश वर्मा अपने प्रतिनिधि रितेश रंजन के साथ झाड़ा पंचायत पहुंचे। पंचायत भवन में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुषों ने सड़क निर्माण की मांग रखी। मौके पर सांसद ने बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी को क्षेत्र की कठिनाइयों से अवगत कराते हुए सड़क निर्माण का अनुरोध किया, जिस पर मंत्री ने शीघ्र निर्माण का भरोसा दिया। सांसद ने ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता से भी सड़क की प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। बताया गया कि अगले तीन महीनों में निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

विधायक संजय कुमार सिंह भी इस सड़क के निर्माण को लेकर लगातार प्रयासरत रहे हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान झाड़ा पंचायत के ग्रामीणों ने सड़क नहीं तो वोट नहीं का नारा देते हुए मतदान का बहिष्कार किया था। बाद में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था। चुनाव जीतने के बाद विधायक स्वयं झाड़ा पहुंचे और जिलाधिकारी को समस्या से अवगत कराया था।

पुल व नई सड़क की भी उठी मांग

झाड़ा एवं ऐना पंचायत पश्चिमी कोसी तटबंध के समीप स्थित हैं। दरभंगा जिले के कुशेश्वर स्थान की दूरी यहां से कम होने के कारण ग्रामीणों ने झाड़ा घाट पर पुल निर्माण एवं झाड़ा से कुशेश्वर स्थान तक सड़क निर्माण की भी मांग सांसद के समक्ष रखी। सांसद ने इन मांगों पर हरसंभव पहल का आश्वासन दिया।

सांसद प्रतिनिधि को सौंपा गया दायित्व



सांसद ने बहोरबा–बेलडाबर सड़क की स्वीकृति सहित अन्य तकनीकी एवं कार्यालयीन कार्यों की निगरानी का निर्देश सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन को दिया। प्रतिनिधि ने बताया कि बाढ़ के समय झाड़ा पंचायत पूरी तरह जलमग्न हो जाती है और सड़क नहीं होने से लोग घरों में कैद होकर रह जाते हैं।

एसएच-95 व डेंगराही घाट पुल का निरीक्षण

मंगलवार को सांसद ने निर्माणाधीन एसएच-95 एवं 412 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे डेंगराही घाट पुल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साम्हरखुर्द पंचायत के मुखिया दारा सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसएच-95 से साम्हरखुर्द को जोड़ने की मांग रखी। डेंगराही घाट पर ग्रामीणों ने पुल की गुणवत्ता और नक्शे पर आपत्ति जताई, जिस पर सांसद ने पटना में अभियंताओं की टीम से इस विषय पर चर्चा करने का आश्वासन दिया।

गुरुवार, 16 अक्टूबर 2025

विकास राज उर्फ सुनील यादव आज करेंगे नामांकन

 समर्थकों के साथ अनुमंडल कार्यालय में करेंगे पर्चा दाखिल

कोशी बिहार टुडे, सहरसा



बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सिमरी बख्तियारपुर में शुक्रवार को नामांकन के अंतिम दिन कई प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं.इन्हीं संभावित प्रत्याशियों में सलखुआ प्रखंड के उटेसरा निवासी युवा समाजसेवी विकास राज उर्फ सुनील यादव का नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा है.नामांकन से पूर्व गुरुवार को ब्लॉक चौक के पास एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, समर्थक और क्षेत्रीय कार्यकर्ता शामिल हुए.बैठक में उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से विकास राज को चुनाव मैदान में उतरने का आग्रह किया।



इस मौके पर संबोधित करते हुए विकास राज उर्फ सुनील यादव ने कहा कि सिमरी बख्तियारपुर की जनता वर्षों से बदलाव चाहती है.यह इलाका आज भी विकास से कोसों दूर है. सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी आज भी लोगों को परेशान कर रही है. जनता अब ऐसी व्यवस्था चाहती है जो सिर्फ चुनाव के वक्त नहीं, हर वक्त उनके बीच रहे.यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो मैं इस क्षेत्र के विकास के लिए दिन-रात एक कर दूंगा.उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के युवाओं को रोज़गार, किसानों को उचित मूल्य और हर पंचायत में शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को अपनी प्राथमिकता में रखेंगे.बैठक में मौजूद ग्रामीणों और समर्थकों ने भी विकास राज के समर्थन में नारे लगाए और आगामी चुनाव में उन्हें जिताने का संकल्प लिया.

रविवार, 31 अगस्त 2025

सिमरीबख्तियारपुर में सात सितंबर को भव्य रूप से मनाया जाएगा बलभद्र पूजा

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व पूर्व सांसद रमा देवी होंगे शामिल

कोशी बिहार टुडे 



 नगर परिषद क्षेत्र के हाई स्कूल मैदान पर आगामी सात सितंबर को धूमधाम से बलभद्र महोत्सव मनाया जाएगा। इसको लेकर कलवार समाज तैयारी में जुट गई है। बीते दिनों कार्यक्रम को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। जिसमें कई महत्वपूर्ण चर्चा हुई। बैठक में कार्यक्रम की रूप रेखा तैयार की गई। आयोजित कार्यक्रम को लेकर आयोजक कमेटी से ने बताया कि 7 सितंबर रविवार को हाई स्कूल मैदान पर कुलदेवता भगवान बलभद्र की पूजा अर्चना की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पूर्व सांसद रमा देवी शामिल होंगे। कमेटी के सदस्यों ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि शोभा यात्रा से कार्यक्रम का आगाज होगा। जिसके बाद बलभद्र भगवान की पूजा अर्चना की जाएगी। पूजा अर्चना के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा। कार्यक्रम के समाप्ति के बाद प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। 

शनिवार, 9 अगस्त 2025

कब्रिस्तान विवाद के बाद बलवाहाट थाना में शांति समिति की बैठक, सभी पक्षों ने सौहार्द बनाए रखने का अपील

 कब्रिस्तान की जमीन की जांच के लिए बनेगा कमिटी, जांच रिपोर्ट के बाद आगे की होगी करवाई


कोशी बिहार टुडे, सहरसा 

बलवाहाट थाना में कब्रिस्तान विवाद को लेकर शांति समिति की बैठक

बलवाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत खोजूचक के समीप स्थित कब्रिस्तान के पास शव दफनाने को लेकर गुरुवार को दो समुदायों के बीच उत्पन्न हुए विवाद को समाप्त करने और आपसी भाईचारे को बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को बलवाहाट थाना परिसर में शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी आलोक राय ने किया। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार ठाकुर, अंचलाधिकारी शुभम वर्मा, पुलिस निरीक्षक मोहम्मद सुजाउद्दीन, थानाध्यक्ष मनीष कुमार, सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन सहित प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और दोनों समुदायों के वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस मौके पर एसडीओ आलोक राय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पक्षों से संयम और समझदारी दिखाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई समस्या या गलत सूचना मिले तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने यह भी बताया कि अंचल प्रशासन के द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया जाएगा, जो मामले की पूरी जांच करेगी और उसके निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जमीन किस प्रकार का है, ये जांच के बाद ही पता चलेगा। 

एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने भी लोगों से अपील की कि छोटे-छोटे विवादों को आपसी संवाद और समझदारी से हल किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति का माहौल कायम रहे। बैठक में सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन, मुखिया प्रतिनिधि शैलेंद्र सिंह, जगधर यादव, नीरज कुमार, मुखिया रामविलास तांती, मुकेश यादव सहित अन्य मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता बनाए रखने का संकल्प लिया। 

शुक्रवार, 1 अगस्त 2025

गुमनामी से प्रसिद्धि तक: बाबा मटेश्वर धाम की आस्था व संघर्ष की 20 साल की गौरवगाथा

1अगस्त 2005 को कांवरिया एवं 31 अगस्त 1997 को डाक बम को हुई थी शुरुआत


🖋 रिपोर्ट: महेंद्र प्रसाद, सिमरी बख्तियारपुर


कोशी बिहार टुडे, सहरसा, 1 अगस्त 2025






बाबा मटेश्वर धाम मंदिर आज भले ही राज्य का प्रसिद्ध तीर्थस्थल बन चुका हो, लेकिन इसकी यात्रा गुमनामी, संघर्ष और अपार श्रद्धा से होकर गुजरी है। आज से ठीक 20 साल पहले, 1 अगस्त 2005 को कांठो गांव के मुन्ना भगत और शिवेंद्र पोद्दार ने महज 15 श्रद्धालुओं के साथ सावन की दूसरी सोमवारी पर पहली बार यहां गंगाजल से जलाभिषेक कर श्रावणी मेले की नींव रखी थी।


शुरुआत एक प्रेरणा से...



इस मंदिर की कथा वर्ष 1997 से शुरू होती है, जब भाद्र मास के द्वितीय रविवार, मुन्ना भगत व उनके साथियों ने "डाक बम" की परंपरा शुरू की। उस वक्त बाबा का मंदिर एक जर्जर, संकीर्ण और उपेक्षित स्थल था, जिसे स्थानीय लोग बुढ़वा मठ के नाम से जानते थे। रास्ता तक नहीं था, न पानी की व्यवस्था, न छांव।


मुन्ना भगत के अनुसार, "1997 से 2005 तक लाख प्रयासों के बाद भी भक्तों की संख्या दो अंकों में ही रही। हताशा थी, लेकिन बाबा की कृपा अपरंपार है। एक दिव्य अनुभूति के बाद हमें यह प्रेरणा मिली कि जब तक यहां कांवर यात्रा शुरू नहीं होगी, तब तक यह स्थान प्रसिद्ध नहीं हो सकता।"


1 अगस्त 2005: कांवर यात्रा की नींव



सावन की दूसरी सोमवारी, 1 अगस्त 2005 को 10–15 श्रद्धालुओं के साथ कांवर यात्रा प्रारंभ की गई। रास्ता खराब, सुविधाएं शून्य, लेकिन बाबा पर विश्वास अटूट। यह वह दिन था जब बाबा मटेश्वर धाम के पुनर्जागरण की नींव पड़ी।


श्रावणी मेला: संघर्ष से सफलता तक


प्रारंभ में कोई दुकानदार यहां मेला लगाने नहीं आया। मुन्ना भगत व टीम ने स्वयं दुकानदारों को क्षतिपूर्ति देकर बुलाया। गांव-गांव जाकर प्रचार किया, पंपलेट बंटवाया, लोगों को जोड़ा और बाबा की महिमा का प्रचार किया।

वर्ष 2006 में कांवरियों की संख्या बढ़ी, लगभग 200 कांवर तैयार कर श्रद्धालुओं को गंगाजल यात्रा पर भेजा गया। यह सिलसिला हर साल बढ़ता गया।



पत्रकारिता और जनचेतना का सहयोग


2007 में दैनिक 'हिंदुस्तान' में प्रकाशित खबर "बाबा मटेश्वर धाम मंदिर प्रशासनिक अपेक्षा का शिकार" ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। 2008 में विधायक निधि से मंदिर तक सड़क बनी और विकास का रास्ता खुला।


धार्मिक के साथ सामाजिक क्रांति भी


मुन्ना भगत और टीम ने मंदिर को सामाजिक केंद्र बनाने की भी पहल की। सैकड़ों गरीब कन्याओं की निशुल्क शादियां, मुंडन, संस्कार, नि:शुल्क भंडारे की व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन प्रारंभ हुआ। मंदिर से हजारों लोगों की रोज़ी-रोटी जुड़ी।


समिति बनी, त्याग भी किया


मुन्ना भगत को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुंगेर के छर्रा पट्टी में उनको सम्मानित किया था। 

2008 में 'बाबा मटेश्वर धाम मंदिर विकास समिति' का गठन हुआ। सर्वसम्मति से मुन्ना भगत अध्यक्ष बने, लेकिन जब 2010 में मंदिर का बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद में पंजीकरण (नं. 4067) हुआ, तब मुन्ना भगत व टीम ने खुद को समिति से दूर कर निस्वार्थ सेवा में जुटे रहे।


216 फीट कांवर यात्रा और रथयात्रा: मील का पत्थर


आज यहां की 216 फीट कांवर पदयात्रा और रथयात्रा पूरे इलाके में प्रसिद्ध है। श्रावणी मेला में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, हर साल यहां सैकड़ों शादियां होती हैं। मंदिर को अब "मिनी बाबा धाम" के नाम से जाना जाता है।



बाबा मटेश्वर धाम की यह यात्रा सिर्फ एक मंदिर के विकास की नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और संघर्ष की मिसाल है। जिन लोगों ने बिना किसी सरकारी पद या मान्यता के यह काम शुरू किया, आज भी वही निस्वार्थ भाव से बाबा की सेवा में लगे हैं — मूक लेकिन मजबूत नायक।




रविवार, 29 जून 2025

14 जुलाई को है सावन की पहली सोमवारी, प्रशासनिक तैयारी को लेकर बड़ी बैठक

 मिनी बाबाधाम मटेश्वर धाम में सावन को लेकर जोर-शोर से तैयारी, कांवरियों के स्वागत को प्रशासन सजग

कोशी बिहार टुडे, सहरसा



प्रखंड के बलवाहाट क्षेत्र स्थित मिनी बाबाधाम के रूप में विख्यात श्री श्री 108 बाबा मटेश्वर धाम में आगामी 14 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेले को लेकर तैयारियाँ जोरों पर हैं.आस्था का यह प्रमुख केंद्र हर साल सावन में लाखों भक्तों की भीड़ जुटाता है. यही नहीं, इसकी विशेषता है कि यहां स्थापित अद्भुत शिवलिंग स्वयंभू माना जाता है, जो 14वीं शताब्दी का है.


अद्भुत शिवलिंग की विशेषता


मटेश्वरधाम का शिवलिंग काले पत्थर का है, जिसकी ऊंचाई ढाई फीट और मोटाई करीब चार फीट है.शिवलिंग के चारों ओर से एक इंच की खाली परिक्रमा-पथ से घिरा है, और आश्चर्यजनक रूप से गर्मी में इसके चारों ओर पानी से भरा रहता है जबकि बारिश में जलस्तर नीचे चला जाता है. 2003 में शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती ने इस स्थान पर आकर कहा था कि "ऐसा अद्भुत शिवलिंग मैंने पहली बार देखा है."


कांवरियों की कठिन यात्रा



हर साल मुंगेर जिले के छर्रापट्टी घाट से गंगा जल लेकर कांवरिया करीब 80 किलोमीटर पैदल यात्रा कर बाबा मटेश्वर धाम तक पहुंचते हैं.रविवार की रात को विशेषकर लाखों डाकबम इस कठिन डगर से गुजरते हैं. यात्रा के मार्ग में खगड़िया जिले के हरदिया गांव से शुरू होकर कांवरियों को पत्थर-गिट्टी वाले रास्ते, चालू व रिटायर रेलवे पुल जैसे खतरनाक और दुर्गम रास्तों से गुजरना पड़ता है.कांवरियों को सबसे कठिन चुनौती सहरसा-मानसी रेलखंड के चार पुलों को पार करने में आती है, जिसमें बागमती नदी पर रिटायर पुल नंबर 51 सहित अन्य पुल शामिल हैं.


प्रशासनिक तैयारियां तेज


श्रावणी मेला को लेकर रविवार को मंदिर परिसर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.बैठक में न्यास समिति के अध्यक्ष पूर्व विधायक डॉ. अरुण कुमार यादव, एसडीओ आलोक राय, प्रशासनिक पदाधिकारी और कई श्रद्धालु मौजूद रहे.एसडीओ आलोक राय ने कहा कि इस बार मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, रोशनी, पार्किंग, और बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था की जा रही है. इसके अलावा कांवरियों की सुरक्षा हेतु महिला व पुरुष बल की तैनाती की जाएगी.प्रत्येक रविवार रात से ही पुलिस बल कांवरिया पथ पर मुस्तैद रहेगा.साथ ही खगड़िया जिला प्रशासन से समन्वय कर कांवरिया मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाया जाएगा.

डॉ. अरुण यादव ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर प्रशासन और समिति एकजुट होकर काम कर रहे हैं.


ये रहे मौजूद 


हर वर्ष सावन के महीने में बाबा मटेश्वर धाम श्रद्धा, आस्था और कठिन तपस्या का प्रतीक बन जाता है. कठिन डगर होने के बावजूद कांवरियों की भक्ति देख प्रशासन भी सजग हो गया है. इस वर्ष मेला ऐतिहासिक और सुरक्षित दोनों बनाने का संकल्प लिया गया है.इस मौके पर सचिव जगधर यादव, मटेश्वर धाम श्रावणी मेला के संस्थापक मुन्ना भगत, बलवाहाट थानाध्यक्ष मनीष कुमार, प्रमुख शबनम कुमारी, भोलेन्द्र राय,  रविन्द्र पौद्दार, रामोतार यादव, जितेन्द्र सिंह, धर्मवीर सिंह, ब्रह्मदेव तांती,अरविंद यादव, अमरेन्द्र गुप्ता, विंदल यादव सहित अन्य मौजूद थे.

बुधवार, 7 मई 2025

मक्का व्यवसायी की बाइक की डिक्की से उड़ाया गया नगदी पुलिस ने किया बरामद

उचक्का की हुई पहचान, एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी 

बख्तियारपुर पुलिस ने कटिहार पुलिस की मदद ₹4.89 लाख की राशि कोढ़ा से किया बरामद

कोशी बिहार टुडे, सहरसा 




 बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के हटियागाछी निवासी प्रसिद्ध मक्का व्यवसायी शंकर भगत के भतीजे मनीष कुमार उर्फ छोटू के बाइक की डिक्की खोलकर बाइक सवार उचक्कों द्वारा 5 लाख रुपए नगदी चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। 

बख्तियारपुर थाना पुलिस ने कटिहार जिले के कोढ़ा थाना पुलिस की मदद से एक उचक्के की पहचान करते हुए चोरी की गई 5 लाख रुपए नगदी में से 4 लाख 89 हजार रुपए बरामद कर लिया है। बुधवार को बख्तियारपुर थाना में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे मामले का खुलासा किया है। 

एसडीपीओ ने बताया कि 3 मई को घटना कारित होने के बाद बख्तियारपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार की अगुवाई में जिला डीआईयू की टीम के साथ एक जांच टीम गठित की गई। जांच टीम ने तकनीकी व वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर घटना को अंजाम देने वाले कोढ़ा गैंग को चिन्हित किया। 

टीम ने कटिहार जिले के कोढ़ा थाना पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए कोढ़ा नया टोला जुराबगंज, वार्ड संख्या-1 में छापेमारी करते हुए आरोपी राहुल कुमार उर्फ अभिषेक कुमार उर्फ फुंदू पिता कजुआ उर्फ आजाद यादव के घर पर छापामारी कर चोरी की गई राशि में से 4 लाख 89 हजार रुपए बरामद कर लिया, हालांकि चिन्हित चोर को गिरफ्तार नहीं किया जा सका। लोगो ने पुलिस की तत्परता की सराहना किया। लोगो का कहना है कि जिस तरह पुलिस ने बाजार के मक्का व्यवसायी की राशि रिकवरी में तत्परता दिखाई, वो काबिलेतारिफ है। इसी तरह अन्य लोगों के साथ हुई लुट, चोरी में भी तत्परता दिखाए। 

एसडीपीओ ठाकुर ने बताया कि बरामद राशि की विधिवत जब्ती सूची बनाते हुए कोढ़ा पुलिस ने उसे बख्तियारपुर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। वहीं घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 

प्रेस वार्ता में बख्तियारपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, एसआई प्रीति कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रविवार, 4 मई 2025

नप द्वारा निकाले गए निविदा पर संवेदकों ने उठाया सवाल स्पेशल कंडीशन पर जताई आपत्ति,

 निविदा में पूर्व से सांठगांठ का आरोप लगाकर दर्जनों संवेदक ने दिया आवेदन

कोशी बिहार टुडे, सहरसा



 नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर द्वारा 24 अप्रैल को शहर के विभिन्न हिस्सों में करोड़ों की लागत से विभिन्न प्रकार की 56 विकास योजनाओं की निविदा आमंत्रित किया है। निकाले गए निविदा पर आधा दर्जन संवेदकों ने आपत्ति जताते हुए निविदा में व्यापार अनुज्ञप्ति की अनिवार्यता पर सवाल खड़ा करते हुए विभाग के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर निविदा रद्द करने की मांग करते हुए निविदा से स्पेशल कंडीशन को हटाने की मांग की है। 

संवेदक बख्तियारपुर बस्ती निवासी एस.एस कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर मो. शब्बीर आलम, एसजी कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर मो.हारिस, संवेदक गुलिस्तां प्रवीण, मो. फुरकान आदि ने भेजे पत्र में कहा है कि नगर परिषद प्रशासन द्वारा निकाले गए निविदा में एक  विशेष संवेदक  को लाभ पहुंचाने की नियत से स्पेशल कंडीशन की शर्त रखी गई है जबकि बिहार सरकार के नियमावली के तहत चतुर्थ श्रेणी के निविदा में कोई इस तरह की शर्ते का जिक्र  संबंधित विभाग द्वारा नहीं लगाया जा सकता। 



इसके बावजूद कार्यालय नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर के निविदा आमंत्रण सूचना संख्या-01/2025-26 में भाग लेने के लिए व्यापार (ट्रेड) अनुज्ञप्ति अनिवार्य किया गया है जो गलत हैं। संवेदक मो. शब्बीर आलम ने बताया कि उन्होंने ट्रेड अनुज्ञप्ति नवीनीकरण के लिए जनवरी माह में ही आवेदन दिया था, लेकिन कार्यालय आज तक हमारे ट्रेड अनुज्ञप्ति का नवीनीकरण कर नहीं दिया। जान बुझ कर नप प्रशासन कुछ संवेदकों को लाभ पहुंचाने की नियत से सब कुछ कर रहा है, ताकि टेंडर को मैनेज कर बंदरबांट किया जा सके। 

यहां बताते चलें कि नगर प्रशासन ने जो निविदा निकाली है उसमें निविदा अपलोड करने की अंतिम तिथि 9 मई को संध्या 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। निविदा खोलने का समय अगले दिन 10 मई रखी गई है। बता दें कि निवर्तमान ईओ का तबादला उपरांत विभाग ने नवपदस्थापित ईओ के रूप में सहरसा नगर निगम के सहायक आयुक्त को प्रभार सौंपा है।  उन्होंने कार्यालय पहुंच चार्ज भी ग्रहण कर लिया है। अब इस नए कार्यपालक पदाधिकारी को इस तरह की समस्या से समाधान करना होगा। 

वहीं पुरे मामले पर नवपदस्थापित ईओ अरविंद सिंह से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो मोबाइल स्विच ऑफ पाया गया।

रणवीर सिंह को प्रखंड युवा प्रखंड जेडीयू अध्यक्ष मनोनीत, सासंद ने दिया पत्र

 संगठन में करेंगे बेहतर कार्य, बड़ी जिम्मेदारी मिली है, निभाएंगे

कोशी बिहार टुडे, सहरसा 



प्रखंड के बेलवाड़ा पंचायत निवासी रणवीर सिंह को प्रखंड युवा जनता दल यूनाइटेड के प्रखंड अध्यक्ष मनोनित किया है। रविवार को मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव के निर्देश पर उनके सहरसा स्थित आवास पर रणवीर सिंह को मनोनीत करते हुए पत्र सौंपा । इस दौरान सांसद ने  रणवीर सिंह को युवा प्रखंड अध्यक्ष पर हुए मनोनीत पत्र सौंपते हुए कहा कि पार्टी धर्म से ऊपर कुछ नहीं है।  पार्टी के लिए समर्पित भाव से मजबूती के साथ काम करना है । रणवीर के पार्टी से जुड़ने से युवाओं में मनोबल बढ़ेगा । इस दौरान युवा जदयू जिलाध्यक्ष विनय कुमार यादव ने कहा कि रणवीर सिंह को युवा जदयू प्रखंड अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दिया है । इस मौके पर युवा प्रखंड अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर रणवीर सिंह ने कहा कि  सांसद दिनेश चंद्र यादव ने उन पर भरोसा कर उनके कंधे पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है । उनके विश्वास पर खडा उतरने का प्रयास करूंगा और पार्टी मजबूती के लिए तन मन धन से काम करूंगा । वहीं प्रखंड अध्यक्ष बनाए जाने पर पूर्व विधायक डॉ अरुण कुमार यादव , सांसद प्रतिनिधि अंजुम हुसैन , जिला पार्षद प्रतिनिधि अमर यादव ,रेवती रमन सिंह , जवाहर यादव , अभिषेक रिक्की , ललन यादव , उपेंद्र सिंह , सुभाष सिंह , विकास कुमार सिंह , रॉकी कुमार , मुकेश कुमार , बिट्टू कुमार , गौतम कुमार , अनिल कुमार , कृष्ण कुमार ,  रोहित कुमार , विजय कुमार यादव ,अमरजीत कुमार आदि ने बधाई दिया है। 

शुक्रवार, 11 अप्रैल 2025

भाजपा ने परिवाद नहीं, बल्कि हमेशा राष्ट्रवाद को दिया है प्राथमिकता: रितेश रंजन

 भाजपा के सक्रिय सदस्य सम्मेलन का आयोजन, संगठन पर चर्चा

कोशी बिहार टुडे, सहरसा



नगर परिषद क्षेत्र के पुरानी बाजार स्थित सत्संग भवन में भाजपा के द्वारा सक्रिय सदस्य सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी सहित कार्यकर्ताओ ने भाग लिया।  कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के नगर अध्यक्ष रमेश कुमार गुड्डू ने किया। वही मंच संचालन पूर्व नगर अध्यक्ष अरविंद भगत ने की। मौके पर मौजूद पूर्व विधायक सुरेंद्र यादव  ने कहा कि संगठन की मजबूती और विस्तार में सदैव ही सक्रिय कार्यकर्ताओं की भूमिका रही है और यह सम्मेलन उसी दिशा में एक प्रेरणादायी कदम रहा। 



भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रितेश रंजन ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। पार्टी की विचारधारा पहले राष्ट्र, फिर संगठन और अंत में स्वयं को प्राथमिकता देती है। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है। जिसने परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ आवाज उठाई और राष्ट्रवाद को अपनी राजनीतिक विचारधारा का केंद्र बनाया। यही कारण है कि आज 13.5 करोड़ से अधिक लोग भाजपा की रीति-नीति और सिद्धांतों से जुड़े हैं और दस लाख से भी अधिक सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता है। भाजपा के सिद्धांतों से उत्साहित होकर लोग पार्टी के सदस्यता अभियान में शामिल हो रहे हैं। भाजपा परिवारवाद को नकारती है, पार्टी के लिए जो कार्य करते है, पार्टी भी उनके लिए सदैव तैयार रहता है। 

इस मौके पर भाजपा के विधानसभा प्रभारी विजय कुमार उर्फ भीएस, भाजपा नेता अरविंद कुमार सिंह, भाजपा नेत्री श्रीमती नीलम भगत,  मंडल अध्यक्ष रमेश कुमार गुड्डू, कृष्ण कुमार झा, ललन जयसवाल, रमेश सिंह, सरिता देवी, मंगल मुखिय, जैनेन्द्र यादव, मिथलेश भगत, मंडल महामंत्री मुकेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

शुक्रवार, 7 फ़रवरी 2025

नवनिर्मित पार्वती मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकाली गई कलश शोभायात्रा

10 फरवरी से होगा शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन

कोशी बिहार टुडे, सहरसा



नगर परिषद  के शर्मा चौक के निकट ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में नवनिर्मित पार्वती मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शुक्रवार को  कन्याओं द्वारा भव्य  कलश शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरे नगर परिषद क्षेत्र भक्तिमय माहौल में बदल गया। कलश शोभायात्रा में 251  कन्याओं ने भाग लिया। शोभायात्रा की शुरुआत कार्यक्रम स्थल से निकल कर पोस्ट आफिस चौक, मुख्य बाजार, स्टेशन चौक, मल्लिक टोला, पोखर रोड सहित नगर के विभिन्न इलाकों में भ्रमण करते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। जहां  कन्याओं द्वारा कलश को स्थापित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने कलश शोभायात्रा के आगे आगे चल रहे बैंड बाजे की धुन पर  जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष करते रहे।  



 इससे पूर्व अयोध्या से आए पंडित जी ने कलश की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना करवाई। जिसके बाद कलश शोभायात्रा आगे के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम को लेकर  डा. प्रमोद भगत ने बताया कि कलश शोभायात्रा के बाद तीन दिनों तक पूजा अर्चना की जाएगी। उसके उपरांत दस फरवरी से ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में ही छह दिवसीय शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर नमिता कुमारी, विपिन यादव, नंदकिशोर पोद्दार, रतन भगत, अजय चौरसिया, विजेंद्र भगत, वार्ड पार्षद बेचन राम, गोपाल शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

मंगलवार, 14 जनवरी 2025

खाद के लिए किसान को करना पड़ता है जद्दोजहद पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पा रहा है खाद

 बिस्कोमान भवन में रोज लग रही है किसान की भीड़, महिला की पहुंच रही खाद लेने 

बोलता है बिहार, सहरसा


सिमरी बख्तियारपुर स्थित बिस्कोमान गोदाम पर खाद के लिए किसान की लगी भीड़

सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड क्षेत्र में इस समय खाद की काफी किल्लत हो गई है। प्रतिदिन किसान खाद के लिए जद्दोजहद कर रहा है। खाद की दुकान से खाद गायब हो गया है। जिस दुकान में कुछ खाद है भी तो वे ऊंचे दाम पर खाद किसान को बेच रहा है। सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र के पुरानी बाजार में स्थित बिस्कोमान भवन में खाद लेने को किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही खाद के लिए महिला एवं पुरुष की भीड़ गोदाम में लग जाता है।  बीते कुछ दिनों से बिस्कोमान भवन में खाद लेने के लिए किसानों की लंबी लंबी कतारें लग रही है। जिसके कारण किसानों को काफी  परेशानियों का सामना करना पर रहा है। मंगलवार को बिस्कोमान भवन में खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ लगी थी। महिला भी काफी संख्या में खाद लेने बिस्कोमान गोदाम पहुंच रही है। 



किसानों का कहना है कि हमलोग कई दिनों खाद लेने के लिए बिस्कोमान भवन का चक्कर लगा रहे है। बाबजूद इसके खाद नहीं मिल पा रहा है। यदि काफी जद्दोजहद करने बाद खाद मिल भी जाता है तो जरूरत के मुताबिक खाद नहीं मिल रहा है। जिसके कारण परेशानी और भी दोगुनी हो जाती है। बिस्कोमान भवन में मौजूद किसानों ने बताया कि खाद लेने के लिए हमलोग सुबह से लाइन में रहते है। लेकिन प्रयाप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पाता है। किसानों ने बताया कि अभी गेहूं एवं  मक्का के फसल के लिए खाद जरूरी है। खासकर यूरिया की अभी बहुत ज्यादा डिमांड है। गेहूं एवं का पटवन शुरू है। वही मकई के डीएपी एवं यूरिया का मिश्रण दिया जाता है। दोनो महत्वपूर्ण खाद बाजार से गायब है। किसानों ने पदाधिकारियों से पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। इधर भाजपा नेता सह सासंद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने प्रशासन से किसान की समस्या को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्धता की मांग किया है। उन्होंने कहा है कि वे इस बारे में डीएम से बात करेंगे एवं किसान को प्रयाप्त मात्रा में खाद उपलब्धता कराने की मांग करेंगे। 

शुक्रवार, 10 जनवरी 2025

बेघर हुए महादलित के बीच अंचल के द्वारा कंबल एवं पॉलीथिन का किया वितरण

 दो दर्जन महादलित के बीच कंबल एवं पॉलीथिन सीट का किया वितरण

सासंद प्रतिनिधि रितेश रंजन, सीओ शुभम वर्मा, आरओ खुशबू कुमारी ने किया वितरण

कोशी बिहार टुडे, सहरसा



गुरुवार को सिमरी बख्तियारपुर में रेलवे के द्वारा अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया था। जिसमें वर्षों से रेलवे के जमीन में रह रहे महादलित मल्लिक परिवार इस भीषण ठंड में बेघर हो गया था। सासंद प्रतिनिधि रितेश रंजन के प्रयास से शुक्रवार को अंचल के द्वारा लगभग दो दर्जन से ज्यादा महादलित के बीच कंबल एवं पॉलीथिन का वितरण किया।  शुक्रवार को सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने सीओ शुभम वर्मा एवं राजस्व अधिकारी खुशबू कुमारी से सभी बेघर हुए परिवार को कंबल और एक-एक प्लास्टिक सीट देने का आग्रह किया। जिसके  बाद सीओ और आरओ ने मल्लिक टोला पहुंचकर दो दर्जन से ज्यादा परिवार के बीच कंबल और प्लास्टिक सीट का वितरण किया।



 इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि अभी दो दर्जन से अधिक लोगों को कंबल व प्लास्टिक सीट दिया गया है। बाकी बचे परिवार को भी जल्द उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने ने नप ईओ से तत्काल कला भवन में सभी मल्लिक परिवार को इस भीषण ठंड में जगह देने का आग्रह किया। इस मौके पर भाजपा के नगर अध्यक्ष गुड्डू कुमार, निर्मल ठाकुर, रौशन गांधी, गुलशन कुमार, मोहन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सोमवार, 23 दिसंबर 2024

सिमरी बख्तियारपुर में रेलवे बनाएगा कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, बनेगा एक और फूट ओवरब्रिज

 डीआरएम ने सोमवार को सिमरी बख्तियारपुर में अमृत भारत योजना से निर्माण हो रहे स्टेशन का किया निरीक्षण

15 दिन बाद रेलवे पुनः चलाएगा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान

कोशी बिहार टुडे। सहरसा



सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन  सुंदर एवं भव्य बनेगा। यहां एक और फूट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। उक्त ओवरब्रिज के नीचे कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनेगा। एयरपोर्ट की तर्ज पर कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा एवं इनमें कई तरह के दुकान होगा। सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक विनय श्रीवास्तव के द्वारा लगभग एक घंटे तक सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन का निरीक्षण करते रहे। इस दौरान अमृत भारत योजना से बन रहे स्टेशन के एक एक कार्य का निरीक्षण किया एवं साथ रहे पदाधिकारी को कई निर्देश दिया। डीआरएम ने बताया कि रेलवे के उत्तर एवं दक्षिण के जमीन पर भी निर्माण कार्य होगा। अगले वित्तीय वर्ष तक में नए भवन का कार्य पूरा हो जाएगा। 



अतिक्रमण को लेकर डीआरएम श्रीवास्तव ने बताया कि 15 दिन के बाद पुनः अतिक्रमण हटाने का कार्य प्रारंभ होगा। एक दो दिन के अंदर सभी को नोटिश दे दिया जाएगा। सिमरी बख्तियारपुर पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त होगा। आने वाले समय में सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन एक भव्य एवं सुंदर बनेगा। स्टेशन पर बन रहे टिकट काउंटर छोटा रहने पर डीआरएम ने बड़ा काउंटर बनाने का निर्देश दिया। 


जनआस्था, युवाओं की तपस्या और जनसहयोग से बनी बाबा मटेश्वर धाम श्रावणी मेले की पहचान

  बाबा मटेश्वर धाम श्रावणी मेला की 21साल संघर्ष से शिखर तक:  आज लाखों कांवरियों की आस्था का केंद्र है बाबा मटेश्वर धाम, लेकिन इसकी शुरुआत कु...